जयमाल के दौरान भाई पर हमला, बहन की शादी की खुशियां अफरा तफरी में बदली, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Uncategorized

अतरौलिया से आशीष कुमार निषाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के देहुला शोभा गांव में बहन की शादी की खुशियां उस समय फीकी पड़ गईं, जब जयमाल समारोह के दौरान कुछ युवकों ने दूल्हन के भाई को कथित तौर पर बुलाकर लाठी-डंडों से पीट दिया। घायल युवक का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देहुला शोभा निवासी गंगाजली शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 जून की रात उनकी पुत्री सपना शर्मा का विवाह समारोह चल रहा था। द्वारपूजा के बाद करीब एक बजे जयमाल की तैयारी हो रही थी। इसी दौरान गांव के ही सचिन वर्मा, संतोष वर्मा, हरिकेश वर्मा तथा उनके अन्य साथी घर पहुंचे और उनके पुत्र दीपक शर्मा को बहाने से जयमाल स्टेज के पास से बुलाकर ले गए। आरोप है कि वहां सभी ने मिलकर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस और 112 पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस से घायल दीपक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और तहरीर दी। घायल दीपक शर्मा का कहना है कि वह सभी आरोपितों को पहचानता है, क्योंकि वे पड़ोस के ही रहने वाले हैं। उसका आरोप है कि घटना के बाद भी लगातार केस वापस लेने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पीड़ित पिता गंगाजली शर्मा ने बताया कि एक ओर बेटी का जयमाल चल रहा था, वहीं दूसरी ओर उनके इकलौते बेटे के साथ मारपीट की जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दबंग किस्म के लोग अब भी परिवार को धमका रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *