पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार, दो चोरी की बाइक, ई-रिक्शा, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद, सीसीटीवी व यक्ष ऐप से खुला राज

Uncategorized

आजमगढ़। मुबारकपुर पुलिस ने चोरी की दो सनसनीखेज वारदातों का सफल अनावरण करते हुए एक अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, एक ई-रिक्शा, दो अवैध तमंचे, दो कारतूस तथा नकदी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार मोहर्रम पर्व के मद्देनजर चल रही गश्त और चेकिंग के दौरान गिरोह का खुलासा हुआ।
पुलिस के मुताबिक 23 जून को शुभम जायसवाल ने कटरा मुबारकपुर स्थित प्रिया टेंट हाउस के सामने से अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना दी थी। वहीं 24 जून को देवा चौहान ने घर के सामने से ई-रिक्शा चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा और उपनिरीक्षक विवेक सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और यक्ष ऐप की मदद से सुराग जुटाए। इसके बाद 25 जून की रात करीब 11:40 बजे बावन बीघा मैदान, इस्लामपुरा क्षेत्र से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुर्जरपार निवासी अमन कुमार तथा हरदोई जिले के निवासी शहदाब खान और साहिल खान शामिल हैं, जो वर्तमान में लखनऊ में रह रहे थे।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे संगठित वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं और विभिन्न जनपदों से दोपहिया वाहन एवं ई-रिक्शा चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेच देते थे। उन्होंने मुबारकपुर क्षेत्र से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और पिचरी गांव से ई-रिक्शा चोरी करने की बात भी कबूल की।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, चोरी का ई-रिक्शा, चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो अवैध देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस तथा 450 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ वाहन चोरी और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शहदाब खान के खिलाफ लखनऊ में भी वाहन चोरी का मामला दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *