
आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की दो घटनाओं से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पहली घटना खेतापट्टी गांव की है। यहां गरुण राजभर (35) पुत्र रामरतन राजभर बुधवार रात भोजन करने के बाद घर से कुछ दूरी पर स्थित मंडई में सोने चले गए। देर रात उन्होंने मंडई की बल्ली में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी आशा, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।
दूसरी घटना मगहां (पल्थी) गांव की है। यहां हरिश्चंद्र (55) पुत्र बेचन राम ने गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे घर से कुछ दूरी पर स्थित मंडई की बल्ली में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हरिश्चंद्र वेल्डिंग का कार्य करते थे। उनके परिवार में पत्नी जायत्री, दो पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर दीदारगंज थाने के उपनिरीक्षक रमेश चंद्र यादव और सुरेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
