घर में काम कर रही बीए की छात्रा को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत, अतरौलिया के सुखीपुर गांव की घटना, 21 वर्षीय महिमा की मौत से परिवार और गांव में शोक

Uncategorized

आजमगढ़। अतरौलिया से आशीष कुमार निषाद। थाना क्षेत्र के सुखीपुर गांव में सर्पदंश से बीए की छात्रा की मौत हो गई। घर के अंदर काम करने के दौरान जहरीले सांप के काटने से युवती की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे पहले अतरौलिया के एक निजी अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए अंबेडकरनगर ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सुखीपुर गांव निवासी सुरेंद्र कुमार की 21 वर्षीय पुत्री महिमा बुधवार सुबह करीब आठ बजे घर के अंदर घरेलू कार्य कर रही थी। इसी दौरान उसे किसी जहरीले सांप ने डस लिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे उपचार के लिए अतरौलिया के एक निजी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अंबेडकरनगर रेफर कर दिया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि घटना के बाद घर में तलाश करने पर एक सांप को पकड़ लिया गया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि महिमा को उसी सांप ने काटा था या किसी अन्य जहरीले जीव ने।
महिमा अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और बीए की छात्रा थी। उसकी असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। माता शीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि छोटे भाई-बहन करण, अंतिमा और पवन गहरे सदमे में हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *