
आजमगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना बरदह पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार हुए व्यक्ति के ₹35,000 उसके बैंक खाते में वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है।
घटना का विवरण-
दिनांक 11.04.2026 को शुभम रावत पुत्र बालकिशुन रावत, निवासी ग्राम सरांवा, थाना बरदह, जनपद आजमगढ़ के मोबाइल नंबर XXXXXX1544 पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा कॉल कर स्वयं को सरकारी योजना से संबंधित बताते हुए प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना के अंतर्गत धनराशि दिलाने का झांसा दिया गया। झांसे में लेकर साइबर ठग द्वारा पीड़ित से कुल ₹44,000 की ऑनलाइन ठगी कर ली गई।
घटना के उपरांत पीड़ित द्वारा तत्काल एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत प्राप्त होते ही थाना बरदह की साइबर हेल्प डेस्क द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई धनराशि में से ₹35,000 संबंधित बैंक खाते में होल्ड कराया गया।
इसके उपरांत विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर माननीय न्यायालय से प्राप्त फंड रिलीज ऑर्डर के क्रम में संबंधित बैंक के नोडल अधिकारी से समन्वय स्थापित किया गया, जिसके फलस्वरूप ₹35,000 की धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराई गई।
पीड़ित एवं उसके परिजनों द्वारा धनराशि वापस मिलने पर आजमगढ़ पुलिस एवं थाना बरदह साइबर हेल्प डेस्क का आभार व्यक्त किया गया।
आमजन से अपील-
आजमगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक, ओटीपी अथवा सरकारी योजना के नाम पर धनराशि प्राप्त कराने के प्रलोभन में न आएं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते धनराशि होल्ड कराकर वापस कराई जा सके।
पुलिस टीम-
उ0नि0 मनीष कुमार सिंह, म0आ0 आरती सिंह, रि0आ0 निखिल गुप्ता, थाना बरदह, जनपद आजमगढ़।
