
आजमगढ़। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी 14 वर्षीय तबरेज अहमद बीते 3 अक्टूबर से लापता है। वह निजामाबाद स्थित मदरसे में पढ़ने के लिए गया था, लेकिन इसके बाद घर वापस नहीं लौटा। बेटे की तलाश में परेशान पिता ने मंगलवार को तहसील पहुंचकर तहसीलदार उमेश कुमार सिंह से गुहार लगाई और प्रशासन से जल्द से जल्द बेटे को खोजने की मांग की।
तबरेज के पिता कलामुद्दीन पुत्र निजामुद्दीन ने तहसीलदार को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि रसीदगंज पुलिस चौकी पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में उनका बेटा घटना वाले दिन तीन अन्य बच्चों के साथ एक मोटरसाइकिल पर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह किस दिशा में गया, इसकी जानकारी परिवार को नहीं मिल सकी है।
पिता ने संबंधित मार्ग पर आगे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है, ताकि किशोर के जाने की दिशा का पता लगाया जा सके और उसकी तलाश में मदद मिल सके।
