पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर यूपी-112 की तत्परता से सीने में दर्द से पीड़ित महिला की बची जान, पीआरवी कर्मी हुए सम्मानित, ‘पीआरवी ऑफ द डे’ प्रमाण-पत्र से सम्मानित हुए सब कमांडर आनंद प्रसाद और पायलट आलोक यादव

Uncategorized

आजमगढ़। यूपी-112 की त्वरित कार्रवाई से सीने में तेज दर्द से पीड़ित एक महिला को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचा ली गई। उत्कृष्ट एवं संवेदनशील कार्य के लिए पीआरवी-8453 पर तैनात पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक, यूपी-112 की ओर से ‘पीआरवी ऑफ द डे’ (PRV OF THE DAY) प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
यह सम्मान मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात)/नोडल अधिकारी यूपी-112 द्वारा प्रदान किया गया।
पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को पीआरवी-8453 कंधरापुर थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर नियमित गश्त कर रही थी। दोपहर 1:07 बजे इवेंट संख्या-13296 के माध्यम से सूचना मिली कि पूनम देवी नामक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें सीने में तेज दर्द हो रहा है।
सूचना मिलते ही पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए बिना देर किए उन्हें उनके भाई के साथ पीआरवी वाहन से सुरक्षित आरोग्यम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से महिला की जान बच गई।
इस सराहनीय कार्य के लिए पीआरवी-8453 पर तैनात सब कमांडर आरक्षी आनंद प्रसाद और पायलट मुख्य आरक्षी आलोक यादव को ‘पीआरवी ऑफ द डे’ प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आजमगढ़ पुलिस ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना यूपी-112 की प्राथमिकता है और भविष्य में भी पुलिस इसी प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *