शिलांग में आजमगढ़ के खिलाड़ियों का जलवा, ज्ञानेंद्र और आर्यवीर ने जीते स्वर्ण, चार पदकों संग बढ़ाया मान, घर लौटने पर जोरदार स्वागत

Uncategorized

आजमगढ़। मेघालय की राजधानी शिलांग में आयोजित 14वीं सीनियर नेशनल पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में आजमगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
5 से 8 जुलाई तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ज्ञानेंद्र चौहान ने 75-80 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। वहीं आर्यवीर सिंह ने 60-65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इसके अलावा सात्विक यादव ने 70-75 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया, जबकि अंजलीका यादव ने 75-80 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर उत्तर प्रदेश और आजमगढ़ का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में रानी दुबे, अनुराग कुमार, अनमोल यादव, सूरज यादव और मनीष यादव ने भी जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इन पदक विजेता खिलाड़ियों को अब विश्व चैंपियनशिप, एशियन चैंपियनशिप, 39वें नेशनल गेम्स (मेघालय), खेलो इंडिया बीच गेम्स (दमन एवं दीव) तथा कॉमनवेल्थ पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में भारतीय टीम की ओर से खेलने का अवसर मिलेगा।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और जनपदवासियों ने हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष रतन गुप्ता, मंडल अध्यक्ष रामभुवन मौर्य, भाजपा जिला मंत्री शैलेश प्रजापति, सभासद आलोक श्रीवास्तव, प्रिंस सिंह मोटी, मयंक श्रीवास्तव, पल्लव श्रीवास्तव, सौरभ कन्नौजिया, राज सिंह, निखिल श्रीवास्तव सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *