
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में आजमगढ़ भी शामिल है। जिले के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) परीक्षित खटाना का तबादला अपर आयुक्त राज्य कर, गौतमबुद्ध नगर के पद पर कर दिया गया है। वहीं राकेश कुमार पटेल, जो अब तक लखनऊ मंडल में अपर आयुक्त के पद पर कार्यरत थे, उन्हें आजमगढ़ का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
प्रदेश सरकार द्वारा जारी तबादला सूची में तीन जिलों—आजमगढ़, बलिया और इटावा—के मुख्य विकास अधिकारियों को भी बदला गया है। इसके अलावा सचिव और विशेष सचिव स्तर के कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादलों के तहत सुधा वर्मा को श्रमायुक्त, डॉ. सारिका मोहन को महानिरीक्षक निबंधन, नेहा शर्मा को महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा, अरुण कुमार को मिशन निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन तथा के. रीभा को वर्तमान दायित्व के साथ अपर निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इसके अलावा रिया केजरीवाल को आईसीडीएस में विशेष सचिव सहित कई अन्य अधिकारियों को भी नई तैनाती दी गई है। प्रदेश स्तर पर हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन का बड़ा कदम माना जा रहा है।
