आजमगढ़ में डबल मर्डर से सनसनी: बुजुर्ग और पोते की गला रेतकर हत्या, 400 मीटर की दूरी पर मिले दोनों के शव, जांच में जुटी पुलिस, पारिवारिक लेनदेन और क्लेश की आशंका

Uncategorized

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के ग्राम हेवती में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने एक बुजुर्ग और उनके पोते की गला रेतकर हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी फूलपुर, पवई के साथ आसपास के थाना की पुलिस फोर्स तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। मृतकों में 72 वर्षीय जगदम्बा प्रसाद यादव और उनके चचेरे पोते अंकित यादव हैं। जगदंबा घर से दूर ट्यूबवेल पर सोए थे।जबकि अंकित घर पर दादी और दो भाइयों संग सोया था। दादी फूलमती को रात में आहट हुई तो दो भाइयों को उठाया। तब देखा कि अंकित खून से लथपथ है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस जांच कर रही थी तभी जगदंबा का शव भी मिला।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दोहरे हत्याकांड के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन का कहना है कि घटना के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। दावा किया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रथम दृष्टया मामले में पारिवारिक लेनदेन और क्लेश की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *