
आजमगढ़ जिले के निजामाबाद तहसील क्षेत्र में परसहां अंडरपास के समीप शनिवार देर रात एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुरेन्द्र कुमार (पुत्र बंशीलाल) निवासी ग्राम परसहां, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। देर रात फरिहा रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर ने घटना की सूचना फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्र को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
रविवार सुबह फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्र ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ में यह जानकारी मिली है कि मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
