तेज रफ्तार पिकअप ने तीन वर्षीय मासूम को कुचला, मौके पर मौत

Uncategorized

आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के गौरा गांव में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घर के पास सड़क किनारे खेल रहे बच्चे को तेज रफ्तार पिकअप ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गौरा गांव निवासी बृजेश यादव का तीन वर्षीय पुत्र सूर्यांश यादव बुधवार सुबह करीब आठ बजे घर के पास सड़क किनारे खेल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान सड़क से तेज रफ्तार में गुजर रही पिकअप ने अचानक मासूम को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सूर्यांश गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घटना की जानकारी तत्काल परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। मासूम का शव देखते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
सूर्यांश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में सुबह तक बच्चे की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां कुछ ही देर में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। हादसे के बाद पिकअप चालक के संबंध में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मासूम की मौत से परिवार के साथ-साथ गांव के लोग भी सदमे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *