रास्ते और आबादी की जमीन के विवाद में पट्टीदार भिड़े, कई घायल, लाठी-डंडों से मारपीट का वीडियो वायरल, दोनों पक्षों ने थाने में दी नामजद तहरीर

Uncategorized

अतरौलिया। थाना क्षेत्र के टड़वा गांव में बुधवार सुबह आबादी की जमीन और रास्ते को लेकर दो पट्टीदारों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे चलने से महिला समेत कई लोग घायल हो गए। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने अतरौलिया थाने में एक-दूसरे के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
रामहरीश वर्मा पुत्र स्व. रघुनंदन वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे आबादी की जमीन को लेकर उनके पट्टीदार विवाद करने लगे। आरोप है कि राजेंद्र वर्मा, प्रवेश वर्मा, लखियावती और सुमन ने एकराय होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। रामहरीश ने घसीटकर पीटने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
वहीं, दूसरे पक्ष के प्रवेश वर्मा पुत्र राजेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि घर के रास्ते से ईंट निकालने को लेकर विवाद हुआ था। उनका कहना है कि उनके पिता ने रास्ते से ईंट निकालने का विरोध किया तो रामहरीश, राकेश और रमेश वर्मा ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें उनके पिता, माता और उन्हें चोटें आईं। प्रवेश ने सिर और हाथ में गंभीर चोट लगने का आरोप लगाया है।
प्रवेश के मुताबिक, 25 अगस्त को भी रास्ते और निर्माण कार्य को लेकर विवाद की सूचना पर पीआरवी-112 मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को आपसी सहमति के बिना निर्माण कार्य नहीं करने की हिदायत दी थी। इसके बावजूद बुधवार को विवाद फिर बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
मारपीट का वीडियो वायरल
घटना के दौरान किसी ग्रामीण ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला और हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया है।
अतरौलिया पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है। थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *