बिना मान्यता संचालित स्कूल की जीप पलटी, 15 बच्चे थे सवार; एक छात्र का हाथ टूटा, फिर उठे शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर सवाल

Uncategorized

आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के लपसीपुर स्थित बिना मान्यता संचालित बताए जा रहे मां लालती देवी शिक्षा निकेतन की स्कूल जीप मंगलवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। हादसे के समय वाहन में करीब 15 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद विद्यालय की मान्यता, बच्चों के सुरक्षित परिवहन और शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, स्कूल की जीप विभिन्न गांवों से बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। महाबलपुर-भुजही मोड़ के पास अचानक चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और जीप सड़क किनारे पलट गई। वाहन पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से सभी बच्चों को बाहर निकाला गया।
हादसे में घायल छात्र की पहचान आदित्य पुत्र धर्मवीर, निवासी धर्मपुर के रूप में हुई है। उसे तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज, चक्रपानपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसके हाथ में फ्रैक्चर और कंधे के पास चोट की पुष्टि की। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। अन्य बच्चों की प्राथमिक जांच के बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस मां लालती देवी शिक्षा निकेतन की जीप दुर्घटनाग्रस्त हुई, वह विद्यालय बिना मान्यता के संचालित हो रहा था। बताया जा रहा है कि वर्ष 2025 में भी खंड शिक्षा अधिकारी नवनीत कुमार चौबे ने विद्यालय का कई बार निरीक्षण किया था। जांच में बिना मान्यता संचालन मिलने पर विद्यालय में ताला लगवाया गया था। इसके बाद 15 सितंबर 2025 को तत्कालीन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई और जुर्माने की प्रक्रिया भी शुरू की थी।
इसके बावजूद विद्यालय के संचालन का आरोप है। सूत्रों के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को भी खंड शिक्षा अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान विद्यालय में अनियमितताएं मिलने पर बच्चों की छुट्टी कराई थी। इसके बावजूद अगले ही दिन बच्चों को उसी विद्यालय की जीप से लाया-ले जाया जा रहा था, जो हादसे का शिकार हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों के परिवहन में लगाया गया वाहन भी निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं था। हादसे के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि पहले की गई प्रशासनिक कार्रवाई का सख्ती से पालन कराया गया होता तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं शिक्षा विभाग भी पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर रहा है। यदि विद्यालय के बिना मान्यता संचालित होने और परिवहन नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *