
आजमगढ़। बरदह कस्बे में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब 40 वर्षीय अकबरी बानो पत्नी मो. ताहिर का शव घर के अंदर फर्श पर रक्तरंजित हालत में पड़ा मिला। स्कूल से घर लौटे बच्चों ने मां को खून से लथपथ देखा तो शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 के साथ स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी मधुवन सिंह, सीओ लालगंज भूपेश कुमार पांडेय और थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने गांव और आसपास के लोगों से पूछताछ की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी की संलिप्तता है या नहीं, पुलिस इसकी जांच में जुटी है। प्रथम दृष्टया घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया कि मृतका का पति मो. ताहिर और बड़ा पुत्र मो. समीर मुंबई में लूम का काम करते हैं। घर पर मृतका के दो पुत्र मो. अमीर (16) और मो. असद (8) रहते थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि वारदात से गांव में भी दहशत का माहौल है।
घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित
सीओ लालगंज भूपेश कुमार पांडेय ने बताया कि घटना के अनावरण के लिए सर्विलांस, एसओजी और थाना पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
