
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के गंगापुर बिजौरा गांव की 23 वर्षीय युवती ने मुंबई के नालासोपारा पश्चिम स्थित अपने किराये के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार को जब उसका शव गांव पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, गंगापुर बिजौरा निवासी रमेश गौतम की पुत्री खुशबू (23) बीते 9 दिसंबर को सरायमीर क्षेत्र के ही एक युवक के साथ मुंबई गई थी। वह नालासोपारा पश्चिम के अचौले पोखरा क्षेत्र में रहकर एक शॉपिंग मॉल में नौकरी करती थी। उसके साथ उसका छोटा भाई प्रिंस भी रहता था, लेकिन किसी कार्य से वह 15 जुलाई को घर लौट आया था। इसके बाद खुशबू के पिता रमेश गौतम मुंबई चले गए थे।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम कमरे में खुशबू अकेली थी। उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर गांव के ही एक युवक को वीडियो कॉल किया और फांसी लगाने की बात कही। युवक ने तत्काल इसकी जानकारी खुशबू के भाई प्रिंस को दी। प्रिंस ने आसपास रहने वाले लोगों को सूचना दी, लेकिन जब तक लोग कमरे तक पहुंचे, तब तक खुशबू छत के पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर चुकी थी।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद पिता शव को सोमवार को हवाई मार्ग से बाबतपुर एयरपोर्ट लेकर पहुंचे, जहां से एंबुलेंस के माध्यम से गांव लाया गया।
खुशबू दो भाइयों में सबसे बड़ी थी और उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। शव घर पहुंचते ही मां गीता देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
