
आजमगढ़। रानी की सराय थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी एसएससी जीडी भर्ती में चयन कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से अवैध धन उगाही करता था।
पुलिस के अनुसार, 20 मई 2026 को अंधौरी गांव निवासी पंकज यादव ने थाना रानी की सराय में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी की गई है। मामले की विवेचना के दौरान कई अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 22 जून को बेलइसा बाजार के पास से मुन्ना पासवान (36) पुत्र स्वर्गीय प्रभूनाथ पासवान निवासी दुर्जनपुर, थाना रेवती, जनपद बलिया को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एसएससी जीडी भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से धन लेकर फर्जी निवास और चरित्र प्रमाण पत्र तैयार करता था। इसके बाद कम मेरिट वाले क्षेत्रों में भर्ती कराने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलता था। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ रानी की सराय थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित विभिन्न धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक हैदर अली मंसुरी एवं आरक्षी सरवर आलम खान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
