
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र की एक युवती ने बस्ती जनपद के एक युवक पर शादी का दबाव बनाने, जान से मारने की धमकी देने और वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग से कथित अश्लील वीडियो बनाकर टेलीग्राम पर वायरल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि बस्ती जिले के रहने वाले पीयूष उर्फ प्रियांशु जायसवाल ने पहले युवती का विश्वास जीतकर उससे वीडियो कॉल की। बाद में उन कॉल की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर कथित रूप से अश्लील वीडियो तैयार कर लिया। इतना ही नहीं, युवती का टेलीग्राम अकाउंट भी पासवर्ड बदलकर अपने कब्जे में ले लिया और वीडियो वायरल करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने फोन कर शादी न करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि धमकी से जुड़ी कॉल रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर अहरौला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
