
आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के धरवारा गांव में शनिवार देर रात 112 नंबर की पुलिस गाड़ी अनियंत्रित होकर एक मकान की दीवार तोड़ते हुए पशुशाला में जा घुसी। हादसे में कई पशु गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पास में सो रही महिलाएं और बच्चे बाल-बाल बच गए।
घायल पशु बदन पुत्र मोहित के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और काफी देर तक आक्रोश का माहौल बना रहा। बाद में 112 पुलिस कर्मियों ने घायल पशुओं के इलाज की जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त पुलिस वाहन को मौके से हटाया गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मी शराब के नशे में वाहन चला रहे थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, 112 पुलिस कर्मियों ने इन आरोपों से इनकार किया है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
