
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रघुनंदन नगर (अहिरौली) गांव में गुरुवार शाम 26 वर्षीय विवाहिता ने अपने मायके में साड़ी का फंदा बनाकर पंखे के हुक से लटककर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, रघुनंदन नगर निवासी लक्ष्मी राम की पुत्री किरन कुमारी (26) का विवाह अक्टूबर 2023 में रौनापार थाना क्षेत्र के निबियहवा गांव में हुआ था। उसकी एक दो वर्षीय बेटी है। परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा, जिसके बाद किरन करीब एक वर्ष से अपने मायके में रह रही थी।
बताया गया कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे किरन अपने कमरे में गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शाम करीब साढ़े पांच बजे उसके पिता, जो ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, घर पहुंचे। कमरे में झांककर देखा तो किरन साड़ी के फंदे से पंखे के हुक के सहारे लटकी हुई थी। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी देशराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
किरन तीन भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर पर थी। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
