15.50 लाख की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 13 राज्यों की NCRP शिकायतों से जुड़ा निकला आरोपी

Uncategorized

आजमगढ़। साइबर अपराध पर शिकंजा कसते हुए आजमगढ़ पुलिस ने 15.50 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी से जुड़े एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों से 13 एनसीआरपी (NCRP) शिकायतें दर्ज मिली हैं। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और ₹1,350 नकद बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना साइबर क्राइम पुलिस ने प्रतिबिंब पोर्टल से मिले संदिग्ध मोबाइल नंबर 7607258498 की जांच शुरू की। सीडीआर और समन्वय पोर्टल के विश्लेषण में सामने आया कि इस नंबर और उससे जुड़े IMEI पर देश के विभिन्न राज्यों से दर्ज 13 शिकायतें लगभग 15.50 लाख रुपये की साइबर ठगी से संबंधित हैं।
जांच के दौरान मोबाइल नंबर का उपयोग करने वाले की पहचान पंकज सिंह, निवासी सरायवृंदावन, थाना तरवां, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। 30 जुलाई को साइबर क्राइम पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे गांव स्थित ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से एक मोबाइल फोन और ₹1,350 नकद बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना साइबर क्राइम में मु.अ.सं. 36/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 317(2), 318(4), 319(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66D में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पिछले 4–5 वर्षों से साइबर ठगी के नेटवर्क में सक्रिय था। वह Just Dial के माध्यम से कंस्ट्रक्शन उपकरण उपलब्ध कराने वाले लोगों का डेटा जुटाकर खुद को एलएंडटी (L&T) नवी मुंबई का कर्मचारी बताता था और जेसीबी, बुलडोजर जैसे उपकरणों को बड़े कॉन्ट्रैक्ट दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठता था। इसके अलावा वह फर्जी मनी क्रेडिट मैसेज भेजकर लोगों से असली रकम वापस मंगवा लेता था तथा सॉफ्टवेयर बेचने के नाम पर भी ठगी करता था।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराध से अर्जित रकम को आरोपी विभिन्न जिलों के जन सेवा केंद्रों के क्यूआर कोड पर ट्रांसफर कराकर कमीशन देता था और बाद में नकद धनराशि प्राप्त कर लेता था, जिससे ठगी के पैसों का स्रोत छिपाया जा सके।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी साइबर अपराध सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मऊ साइबर क्राइम थाना, आजमगढ़ साइबर क्राइम थाना तथा तरवां थाना में दर्ज मामले शामिल हैं।
आजमगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, कॉन्ट्रैक्ट, फर्जी भुगतान संदेश या लालच देने वाले ऑनलाइन प्रस्ताव पर भरोसा न करें और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *