
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में पवई थाने पर तैनात उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) ओमप्रकाश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के आदेश भी दिए गए हैं।
पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा पर थाना पवई में तैनाती के दौरान दर्ज कई मामलों, जिनमें एक लूट का मुकदमा भी शामिल था जो बाद में डकैती की धारा में तरमीम हुआ, की विवेचना में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप है। बताया गया कि उच्चाधिकारियों के बार-बार निर्देश के बावजूद उन्होंने अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कोई प्रभावी प्रयास नहीं किया और मुकदमों के निस्तारण में भी रुचि नहीं दिखाई।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि क्षेत्र में भ्रमण, वाहन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान आमजन के साथ अमर्यादित एवं दुर्व्यवहारपूर्ण व्यवहार करने तथा पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप भी प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
इन आरोपों को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे अपने दायित्वों का निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता या उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
