






आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत हैदराबाद बाजार में शुक्रवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने महिला के पति पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हैदराबाद बाजार में रहने वाले तन्मय विश्वास, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी हैं, ने लगभग आठ वर्ष पूर्व महराजगंज थाना क्षेत्र के नौबरार देवारा जदीद कीता प्रथम गांव निवासी बंदना (पुत्री रामलवट यादव) से विवाह किया था। वह अपनी पत्नी और करीब छह वर्षीय पुत्री के साथ हैदराबाद बाजार में रहकर एक डिस्पेंसरी चलाता था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह महिला का शव घर के पास संदिग्ध स्थिति में मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना पर मायके पक्ष और ग्रामीणों ने पुलिस को अवगत कराया।
सूचना मिलते ही रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे पुलिस टीम व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए।
मृतका के भाई अजय यादव ने आरोप लगाया कि तन्मय विश्वास अक्सर उसकी बहन के साथ विवाद करता था और इसी विवाद के चलते उसकी हत्या कर दी गई। वहीं ग्रामीणों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और गुरुवार देर रात भी मारपीट की बात सामने आई है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस व फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है। मायके पक्ष से प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
