बारजा निकालने के विवाद में चचेरे भाई की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार, पुलिस टीम का किया गठन, CO ने बताया कि पहले दोनों पक्षों में समझौता हो गया था

Uncategorized

आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के चक्कटक गांव में बारजा निकालने को लेकर हुए विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया। शनिवार शाम चचेरे भाइयों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मोहन राम पुत्र पलटन राम का अपने पटीदारों से घर के बारजा निकालने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी को लेकर शनिवार की शाम उसका अपने चचेरे भाई विजेंद्र राम पुत्र लौटन राम से झगड़ा हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मोहन राम ने विजेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल विजेंद्र को परिजन तत्काल स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मोहन राम मौके से फरार हो गया, जिससे गांव में तनाव का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पाण्डेय व थाना प्रभारी मेंहनगर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर नामजद अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी इसी बात को लेकर विवाद हो चुका था, जिसे उस समय सुलझा लिया गया था, लेकिन एक बार फिर विवाद उभरने पर यह घटना हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *