
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के पारा फुलवरिया बाजार में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार को एक दो मंजिला मकान का बारजा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि एक ग्राहक और दुकान संचालक की माता को हल्की चोटें आईं। घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, इकबाल पुत्र माजिद के दो मंजिला मकान का बारजा अचानक गिर पड़ा। मकान के नीचे जनरल स्टोर की दुकान संचालित होती है। हादसे के समय दुकान पर मौजूद ग्राहक और दुकानदार की माता को मामूली चोटें आईं, जबकि उनके रिश्तेदार की दो बच्चियां मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दोनों बच्चियों को मलबे से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में एक बच्ची का इलाज माहुल के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि दूसरी का उपचार फुलवरिया के एक निजी चिकित्सक के यहां कराया जा रहा है।
बारजा गिरने से नीचे स्थित जनरल स्टोर भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुकानदार के अनुसार, दुकान में रखे सामान को नुकसान पहुंचने से करीब ₹50 हजार से अधिक की क्षति हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने लगातार हो रही बारिश के बीच जर्जर भवनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग प्रशासन से की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
