घाघरा का बढ़ता कहर: डीएम-एसएसपी ने कटान प्रभावित गांव का किया निरीक्षण, राहत शिविरों में जाने की अपील

Uncategorized

आजमगढ़। घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज कटान को देखते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने गुरुवार को सगड़ी तहसील के ग्राम आराजी गंगापुर पहुंचकर कटान प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने हालात का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल सुरक्षात्मक कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को नदी किनारे कटान रोकने के लिए पर्कुपाइन लगाने, उनमें बालू से भरे बोरे व्यवस्थित ढंग से भरने तथा बोरों को तार से मजबूती से बांधने के निर्देश दिए, ताकि तेज बहाव में वे अपनी जगह से न हटें और कटान पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि घाघरा के लगातार कटान से गांव और कृषि भूमि पर खतरा बढ़ता जा रहा है। इस पर डीएम ने लोगों से अपील की कि प्रशासन की चेतावनी मिलते ही सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में चले जाएं। उन्होंने नदी किनारे अनावश्यक रूप से न जाने, बच्चों को नदी से दूर रखने तथा नदी में स्नान न करने की सलाह दी। साथ ही भरोसा दिलाया कि राहत शिविरों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, पशु चिकित्सा, बिजली सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं और संवेदनशील गांवों पर विशेष निगरानी रखी जाए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त, निगरानी और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सगड़ी, खंड विकास अधिकारी महराजगंज, सिंचाई विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *