
आजमगढ़। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को लेकर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने गुरुवार को महराजगंज स्थित भैरव बाबा मंदिर का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर स्थित तालाब, शिव मंदिर और मेला क्षेत्र का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई और स्वच्छता की सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि शासन धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे।
डीएम ने मंदिर परिसर के आसपास दुकानों को व्यवस्थित ढंग से लगाने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन बाधित न हो। साथ ही खुले कुएं पर सुरक्षा की दृष्टि से मजबूत लोहे की जाली लगाने और स्थानीय लोगों की मांग पर सार्वजनिक शौचालय निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कांवड़ मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, महिलाओं की सुरक्षा, सतत निगरानी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तालाब में स्नान और जल भरने आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ट्यूब सहित अन्य सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सगड़ी, नगर पंचायत महराजगंज के अधिशासी अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
