गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोप में अहरौला थाने का आरक्षी निलंबित, SSP की बड़ी कार्रवाई

Uncategorized

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में अहरौला थाने पर तैनात आरक्षी ना.पु. जितेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि आरक्षी जितेंद्र कुमार ने अपने पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता और अनुशासनहीनता बरती। उन पर आरोप है कि उन्होंने थाना क्षेत्र के अपराधियों एवं अभियुक्तों के साथ अनधिकृत रूप से दूरभाष और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क रखा तथा अभियोग और जांच से संबंधित गोपनीय सूचनाओं एवं दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि आरक्षी पर अभियुक्तों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जांच को प्रभावित करने, विभागीय गोपनीयता भंग करने तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने जैसे गंभीर आरोप हैं। इन आरोपों को प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे अपने पदीय दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करें तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों का अक्षरशः पालन करें। अनुशासनहीनता या कर्तव्य में लापरवाही पाए जाने पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *