
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा (प्रा०अ०प०-2025)/08 की लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि 23 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनपद के कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो और आयोग के निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए, इसको लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा में तैनात सभी स्टैटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा आयोग की गाइडलाइन के अनुसार ही कराई जाए। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, उनकी जांच, बैठने की व्यवस्था तथा प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता के साथ निर्वहन करें।
डीएम ने परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।
बैठक में परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, परीक्षा सामग्री के रख-रखाव, निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू कराने, परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित तरीके से निर्धारित प्रक्रिया के तहत भेजने तथा परीक्षा केंद्रों की निगरानी सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि 23 अगस्त को परीक्षा समाप्त होने तक सभी अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे जनपद में परीक्षा सकुशल और निर्विघ्न संपन्न हो सके।
