चोरी करते पकड़ी गई तो पड़ोस की युवती ने घर में अकेली महिला की गला रेतकर कर दी थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार, तीसरे दिन ब्लाइंड मर्डर का खुलासा

Uncategorized

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में महिला की गला रेतकर हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 22 वर्षीय युवती बबिता गोंड पुत्री जय प्रकाश गोंड, निवासी ग्राम बरदह, थाना बरदह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला चोरी की नीयत से घर में घुसी थी। मृतका ने उसे चोरी करते देख लिया और विरोध किया तो दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इसी दौरान मृतका के बेहोश होने पर पकड़े जाने के डर से आरोपी ने सब्जी काटने वाले चाकू से उसका गला रेत दिया।
पुलिस के मुताबिक, बरदह क्षेत्र में 20 अगस्त को अकबरी की घर के अंदर गला रेती हुई लाश मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतका के पति और बड़ा बेटा मुंबई में रहते थे, जबकि वह अपने दो बच्चों के साथ गांव में रहती थी। प्रथम दृष्टया घर में घुसकर हत्या किए जाने की बात सामने आई थी। मामले में बरदह थाने में हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान पुलिस को मृतका के घर आने-जाने वाली 22 वर्षीय बबिता गोंड पर शक हुआ। पुलिस ने उसे उसके घर से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में उसके बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे जानकारी थी कि अकबरी घर में रुपये रखती है। 20 अगस्त को वह चोरी की नीयत से अकबरी के घर पहुंची और कमरे से रुपये निकालने लगी। इसी दौरान अकबरी वहां पहुंच गई और उसे चोरी करते देख लिया। विरोध करने पर दोनों में हाथापाई हुई। बाल खींचने के दौरान अकबरी चारपाई के पाये से टकराकर बेहोश हो गई।
आरोपी ने बताया कि अकबरी के बेहोश होने के बाद उसे पकड़े जाने का डर सताने लगा। इसके बाद उसने किचन में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और अकबरी का गला रेत दिया। हत्या के बाद आरोपी मौके से निकलकर अपने घर चली गई और वारदात में इस्तेमाल चाकू को घर के पास करकट में छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपी बबिता गोंड पुत्री जय प्रकाश गोंड, निवासी ग्राम बरदह, थाना बरदह, आजमगढ़ को 22 अगस्त की सुबह करीब 7:15 बजे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 289/2026 में धारा 103(1)/333 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल कमलेश प्रसाद, आरक्षी वेद व्यास तिवारी, महिला आरक्षी अंकिता सिंह और महिला आरक्षी बीनू सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *