
आजमगढ़, 28 अगस्त। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक रिटायरीज एसोसिएशन आजमगढ़ मंडल की बैठक शुक्रवार को सरस्वती विद्या मंदिर, कोलपांडेय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्र तिवारी ‘कुंदन’ ने की, जबकि संचालन दिनेश प्रसाद श्रीवास्तव ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्र तिवारी ‘कुंदन’ ने कहा कि बैंक कर्मचारियों के पेंशन अपडेशन का मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही मामले की सुनवाई पूरी होकर फैसला आएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार बैंक कर्मचारियों के साथ भेदभाव कर रही है। रिजर्व बैंक में पेंशन अपडेशन की व्यवस्था के तहत वेतन आयोग से कार्यरत कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी होने पर उसी अनुपात में पेंशन में भी वृद्धि की जाती है, जबकि व्यावसायिक और ग्रामीण बैंकों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को यह सुविधा नहीं मिल रही है।
उन्होंने सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारियों के लिए चिकित्सा बीमा की सुविधा का मुद्दा भी उठाया। कहा कि रेलवे सहित कई अन्य विभागों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नि:शुल्क चिकित्सा बीमा की सुविधा मिलती है, जबकि बैंक कर्मचारियों को नि:शुल्क या रियायती दर पर चिकित्सा बीमा उपलब्ध नहीं कराया जाता। सेवानिवृत्ति के बाद स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें बढ़ने के कारण इस सुविधा की सबसे अधिक आवश्यकता होती है।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र राय, राघवेंद्र राय, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव और हरेंद्र अस्थाना ने भी अपने विचार रखे।
इसके बाद आजमगढ़ मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अमीर अहमद को संरक्षक, राघवेंद्र राय को अध्यक्ष, बीएन सिंह और रविशंकर को उपाध्यक्ष, दिनेश प्रसाद श्रीवास्तव को महामंत्री तथा राजेंद्र प्रसाद मौर्य को कोषाध्यक्ष चुना गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और सेवानिवृत्त ग्रामीण बैंक कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
