






आजमगढ़ जनपद में तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे एक परिवार पर बीच रास्ते में सिधारी थाना के छतवारा के समीप हमला कर दिया गया। पीड़ित देवगांव कोतवाली के लहुआ खुर्द निवासी संजय कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मुबारकपुर क्षेत्र के डिलिया में तिलक समारोह में बोलेरो गाड़ी से शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बोलेरो गाड़ी को रोककर गांव के ही रहने वाले सचिन, मंगेश, धनंजय, रूपक तथा पांच अज्ञात लोगों ने स्कॉर्पियो लगाकर रास्ता जाम कर दिया।
आरोप है कि गाड़ी रुकते ही सभी हमलावरों ने लोहे की रॉड और हॉकी से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर दहशत फैल गई। हमलावरों ने मारपीट के साथ फायरिंग भी की और फिर मौके से फरार हो गए।
हमले में संजय कुमार सिंह के भतीजे प्रखर सिंह को सीने और गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनके बेटे अभिषेक सिंह के दाहिने हाथ में भी चोट लगी है। गंभीर रूप से घायल प्रखर सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी बोलेरो गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा भतीजे की अंगूठी, चेन और लगभग 10 हजार रुपये नकद भी गायब हो गए।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है।
