

आजमगढ़। रिश्तेदार को पैसा भेजते समय गलती से दूसरे खाते में ट्रांसफर हुए 25 हजार रुपये को फूलपुर पुलिस की साइबर हेल्पडेस्क ने वापस करा दिया। संबंधित व्यक्ति द्वारा रकम लौटाने से इनकार करने के बाद पीड़िता ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी।
फूलपुर थाना क्षेत्र के रसुलपुर जोखू निवासी शशिकला यादव पत्नी वर्णित यादव ने शिकायत में बताया कि रिश्तेदार को रुपये भेजते समय गलती से 25 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गए। जिस खाते में रकम पहुंची, उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर संबंधित व्यक्ति ने रुपये वापस करने से मना कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद साइबर हेल्पडेस्क फूलपुर ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया। पुलिस टीम ने यूनियन बैंक के नोडल अधिकारी और शाखा प्रबंधक से फोन व ई-मेल के माध्यम से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई कराई। इसके बाद गलती से ट्रांसफर हुई पूरी 25 हजार रुपये की धनराशि शिकायतकर्ता के खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस की इस कार्रवाई से शिकायतकर्ता को राहत मिली। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दयानंद और महिला कांस्टेबल पूजा पांडेय, थाना फूलपुर शामिल रहीं।
