कमरे में साड़ी के फंदे से लटकी मिली विवाहिता, एक माह पूर्व परिजनों की सहमति से देवर से हुई थी शादी, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज जांच में जुटी पुलिस

Uncategorized

आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के चिल्लूपुर गांव में शनिवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार चिल्लूपुर गांव निवासी बबिता की करीब छह वर्ष पूर्व आनंद राजभर से शादी हुई थी। दोनों का पांच वर्षीय पुत्र यश है। बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद बबिता अपने देवर राजन राजभर के संपर्क में आ गई थी। परिजनों के अनुसार मई 2026 में बबिता, राजन के साथ घर छोड़कर मुंबई चली गई थी। जुलाई में दोनों वापस चिल्लूपुर लौटे।
ग्रामीणों के मुताबिक परिजनों की सहमति के बाद बबिता और राजन की शादी 7 अगस्त 2026 को लालगंज तहसील में नोटरी बयान-हलफी के माध्यम से कराई गई थी। इसके बाद शनिवार को बबिता का शव घर में साड़ी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर मेहनाजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका का मायका गाजीपुर जिले के मौधा में बताया गया है।

सूरज सिंह की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *