
आजमगढ़। महराजगंज थाना पुलिस ने महिला और उसके दो बच्चों के अपहरण के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को परशुरामपुर बाजार के आगे कैप्टन अर्जुन सिंह गेट के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सिकन्दरपुर आयमा गांव निवासी अब्दुल्लाह अहमद पुत्र इमदाद मंसूरी (30) के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को महराजगंज थाना क्षेत्र की एक महिला अपने दो बच्चों के साथ दवा लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं पहुंची। काफी तलाश के बाद भी जब महिला और बच्चों का पता नहीं चला तो परिजनों ने थाने में तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मु0अ0सं0 181/2026 के तहत धारा 137(2) और 87 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया था।विवेचना के दौरान पुलिस ने महिला और उसके दोनों बच्चों को बरामद कर लिया। इसके बाद महिला के बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 69 और 84 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई, जबकि धारा 87 बीएनएस को हटा दिया गया। विवेचना में अब्दुल्लाह अहमद का नाम प्रकाश में आया और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष जयप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।उपनिरीक्षक शैलेश कुमार यादव ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर 12 सितंबर को अब्दुल्लाह अहमद को परशुरामपुर बाजार के आगे कैप्टन अर्जुन सिंह गेट के पास से करीब 1:10 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जामा तलाशी में उसके पास से कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शैलेश कुमार यादव, कांस्टेबल उपेन्द्र यादव और कांस्टेबल दीपक जायसवाल शामिल रहे।
