
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की बजाज CT100 बाइक, चांदी की माला, चांदी का सिक्का, नाक की कील, चार साड़ियां, 6100 रुपये नकद के अलावा अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ पूर्व से चोरी, शस्त्र अधिनियम, मारपीट और गिरोहबंद अधिनियम समेत 11 मुकदमे दर्ज हैं।
पहली घटना मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नीबी बुजुर्ग गांव की है। गांव निवासी मुराली देवी पत्नी रामकेवल यादव के घर में सात सितंबर की रात ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली गई थी। इस मामले में उनकी तहरीर पर 12 सितंबर को मुबारकपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल आरोपियों की पहचान करते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू की।
रविवार को उपनिरीक्षक सतीश कुमार पुलिस टीम के साथ सूचना के आधार पर अंश ग्रुप प्लाट के पास पहुंचे और घेराबंदी कर मोहब्बतपुर निवासी राजीव प्रजापति (34) और शिवम गोड़ (18) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक चांदी की माला, एक चांदी का सिक्का और पांच हजार रुपये बरामद किए। पूछताछ में दोनों ने नीबी बुजुर्ग में चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए जेवरात और रुपये बेचकर मिले पैसे को आरोपियों ने पार्टी में खर्च किया तथा टोटो की किश्त भरने में भी इस्तेमाल किया। मामले में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।
दूसरी घटना पुरुषोत्तमपुर गांव की है। यहां 10 सितंबर की रात छोटेलाल गोड़ के घर में घुसकर अज्ञात चोर बक्सा उठा ले गए थे। बक्से में साड़ियां, चांदी की पायल, नाक की नथुनी और अन्य सामान रखा था। मामले में 11 सितंबर को मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान अभिषेक यादव का नाम प्रकाश में आया और मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
रविवार को उपनिरीक्षक सौरभ सिंह की टीम बिजरवा सर्विस लेन पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर खोजापुर माधोपट्टी, थाना कंधरापुर निवासी अभिषेक यादव (24) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की बजाज CT100 मोटरसाइकिल, पीली धातु की नाक की कील, चार साड़ियां, 1100 रुपये नकद, .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामद बाइक निजामाबाद थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई।
पूछताछ में अभिषेक यादव ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी अंकित निवासी लेढुआ, थाना तहबरपुर के साथ मिलकर दिन में रेकी करता था और रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पांच और छह सितंबर की मध्यरात्रि मेल्हूगंज बाजार से बाइक चोरी करने तथा 10 सितंबर की रात पुरुषोत्तमपुर में चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब उसके साथी अंकित की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभिषेक यादव के खिलाफ थाना कंधरापुर, कोतवाली आजमगढ़ और थाना निजामाबाद में चोरी, शस्त्र अधिनियम, मारपीट और गिरोहबंद अधिनियम समेत कुल 11 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
