
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के अहिरौली छतरपुर गांव के घाटमपुर पुरवा में रविवार को खेत में धान की फसल की निराई कर रही 52 वर्षीय महिला की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया।
गांव निवासी सरिता देवी (52) पत्नी अवधनारायण रविवार को दिन में अपने घर से करीब चार मीटर दूर खेत में धान की फसल की निराई कर रही थीं। इसी दौरान खेत से होकर गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गईं। गंभीर हालत में वह खेत में ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई।
बताया गया कि खेत से होकर घर जा रहे उनके जेठ शहाबुद्दीन राजभर ने सरिता देवी को खेत में पड़ा देखा। उन्होंने घटना की जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने बरदह थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतका का पति प्रदेश में रहकर निजी काम करता है।
