
आजमगढ़ आशीष कुमार निषाद। अतरौलिया थाना क्षेत्र के महादेवपुर गांव में तीन बच्चों की मां के गांव के ही एक युवक के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी घर में रखे करीब दो लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद लेकर युवक के साथ चली गई। महिला अपने साथ सात वर्षीय बेटी को भी ले गई, जबकि उसके दोनों बेटे घर पर रह गए। मामले में पति ने थाने में नामजद तहरीर देकर पत्नी और बेटी की बरामदगी के साथ ही सामान वापस दिलाने की मांग की है।
महादेवपुर निवासी भोला शर्मा उर्फ हरिंदर शर्मा पुत्र दयाशंकर शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 11 सितंबर को गांव का ही त्रिपुरारी शर्मा उर्फ अनी शर्मा पुत्र रमाकांत शर्मा उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। पति के अनुसार, घर से जाते समय शोभा करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई।
भोला शर्मा के मुताबिक, उसके तीन बच्चे अभय (13), आदित्य (10) और अवनी (7) हैं। आरोप है कि पत्नी अपनी सात वर्षीय बेटी अवनी को साथ ले गई, जबकि दोनों बेटे घर पर रह गए। पति ने तहरीर में त्रिपुरारी शर्मा के पिता रमाकांत शर्मा और मां उर्मिला शर्मा पर भी मामले में शामिल होने का आरोप लगाया है।
पति का आरोप है कि उसकी पत्नी और आरोपी युवक के बीच कई महीनों से बातचीत चल रही थी। उसने इस संबंध का विरोध करते हुए आरोपी युवक के परिजनों से भी शिकायत की थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
