अखिलेश यादव की सरकार में चलता था माफिया राज और गुंडाराज: केशव मौर्य, सूप बोले तो बोले चलनी बोले जिसमें 72 छेद, कहा- आजमगढ़ में इस बार टूटेगा कमल न खिलने का रिकॉर्ड, 2027 में लगाएंगे सीटों का सिक्सर

Uncategorized

आजमगढ़। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को आजमगढ़ पहुंचे। उन्होंने भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के आवास पर पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव द्वारा योगी सरकार पर सवाल उठाए जाने पर केशव मौर्य ने तंज कसते हुए कहा, “सूप बोले तो बोले, चलनी बोले जिसमें 72 छेद।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को यह बताने की जरूरत नहीं है कि अखिलेश यादव और उनके परिवार के लोग क्या करते थे। अखिलेश यादव की सरकार को माफिया राज का पर्याय माना जाता था। उस समय प्रदेश में गुंडाराज और अराजकता का माहौल था। अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण मिलता था और वे खुलेआम घूमते थे। ऐसे में अखिलेश यादव को अपनी ही हंसी उड़ाने का काम नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी, तब माफियाओं को पोषित और संरक्षण देने का काम किया जाता था। अब वही लोग कानून व्यवस्था पर सवाल उठाएंगे तो जनता के बीच हंसी के पात्र बनेंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर रही है। जो भी अपराध करेगा, कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा रहा है।
विपक्ष की ओर से कानून व्यवस्था को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर केशव मौर्य ने कहा कि विपक्षी दल नौटंकी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के लोगों के दिमाग में कचरा भरा है और वे पूरे देशवासियों को आपस में लड़ाने का प्रयास करना चाहते हैं।
आजमगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि इस बार यहां कमल न खिलने का रिकॉर्ड टूटेगा। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा आजमगढ़ में सीटों का सिक्सर लगाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान भी किया।
अखिलेश यादव और राहुल गांधी के राजनीतिक भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर केशव मौर्य ने कहा कि उनका भविष्य अंधकार में है। उन्होंने कहा कि 2047 में विकसित भारत बनने के बाद देश की नई पीढ़ी के साथ परिस्थितियां बदलेंगी। वर्तमान और निकट भविष्य में उनकी सरकार बनने की कोई संभावना नहीं है।
गोंडा में निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत लोकतंत्र का देश है। विपक्षी दलों के नेता कई बार आपस में मिलते-जुलते हैं और एक-दूसरे का हालचाल लेते हैं। ऐसी मुलाकातों को दूसरे अर्थ में नहीं लिया जाना चाहिए।
यूपीआई को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी उपमुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यूपीआई को लेकर गलत सूचनाएं और अफवाहें फैलाने का काम किया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *