
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी की लिखित परीक्षा रविवार को जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान शिबली इंटर कॉलेज केंद्र पर एक परीक्षार्थी कान में ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगाए हुए पकड़ा गया, जिसे पुलिस के सुपुर्द कर उसके खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
एसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में कुल 7008 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 6178 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 830 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। शिबली इंटर कॉलेज में सघन चेकिंग के दौरान परीक्षार्थी आलोक पटेल की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उसके कान में ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिला। इसके बाद केंद्र प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना देकर उसे हिरासत में सौंप दिया।
एसपी यातायात ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ पकड़े गए परीक्षार्थी के विरुद्ध शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। मामले की जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि डिवाइस का उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था और इसमें अन्य लोगों की कोई भूमिका है या नहीं।
उन्होंने बताया कि इस घटना को छोड़कर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा तथा अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।
परीक्षा के मद्देनजर सभी केंद्रों के 200 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 लागू रही। केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, आईटी गैजेट्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध था। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई थी।
परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए रोडवेज को अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए थे। वहीं आजमगढ़ रेलवे स्टेशन और प्रमुख बस अड्डों पर भी पुलिस बल तैनात कर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखी गई।
परीक्षा का आंकड़ा:
कुल पंजीकृत अभ्यर्थी: 7008
परीक्षा में शामिल: 6178
अनुपस्थित: 830
