आजमगढ़ पहुंचे कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, बोले- 403 सीटों पर तैयारी, गठबंधन का फैसला बाद में, संगठन सृजन अभियान इसी माह होगा पूरा, अगले महीने सीट बंटवारे पर सहयोगी दलों से होगी बातचीत

Uncategorized

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मंगलवार को आजमगढ़ पहुंचे। सदर तहसील क्षेत्र के जमालपुर में आयोजित राजभर समाज और मूल निवासी समाज पार्टी की बैठक में शामिल होकर उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी की रणनीति पर बात की।

मीडिया से बातचीत में राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशभर में संगठन सृजन अभियान चला रही है। इसके तहत लगातार जिलों का दौरा कर संगठन को मजबूत करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के 134 जिलों और शहरों में जिलाध्यक्षों के चयन के लिए एआईसीसी ऑब्जर्वर और स्टेट ऑब्जर्वरों ने करीब एक महीने तक जमीनी स्तर पर काम किया है। संगठन सृजन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है और इसी माह उत्तर प्रदेश कांग्रेस का संगठन ऊपर से लेकर नीचे तक घोषित कर दिया जाएगा।

प्रदेश प्रभारी ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकारों ने जनता के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों को बंद किया जा रहा है और निजी स्कूलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उच्च शिक्षा और व्यावसायिक शिक्षा महंगी होने के कारण गरीब, मजदूर, किसान, दलित, वंचित और सामान्य वर्ग के लोगों के लिए शिक्षा हासिल करना मुश्किल होता जा रहा है।

उन्होंने सरकार पर आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे और व्यवस्थाओं में अनियमितताओं का भी मुद्दा उठाया। साथ ही प्रदेश में अपराध बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि दलितों और महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में एक खास वर्ग का वर्चस्व बढ़ रहा है और अन्य वर्गों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मूल निवासी, दलित और वंचित समाज के लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस शासन के दौरान इन वर्गों को शिक्षा, छात्रवृत्ति, सरकारी नौकरियों और विभिन्न अधिकारों का लाभ मिलने का दावा करते हुए उन्होंने कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल की योजनाओं और फैसलों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि खेत और आवासीय जमीन के पट्टे, एससी-एसटी अत्याचार निवारण कानून, बैंकों का राष्ट्रीयकरण, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में आरक्षण, सूचना का अधिकार, खाद्य सुरक्षा का अधिकार और शिक्षा का अधिकार जैसे महत्वपूर्ण कदम कांग्रेस सरकारों के दौरान उठाए गए।

गठबंधन के सवाल पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि फिलहाल पार्टी का पूरा ध्यान संगठन सृजन पर है। यह प्रक्रिया इसी महीने के अंत तक पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद अगले महीने सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत होगी और गठबंधन को अंतिम रूप दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रही है। गठबंधन में जिन सीटों पर सहयोगी दल चुनाव लड़ेंगे, वहां भी कांग्रेस उनके प्रत्याशियों को जिताने के लिए काम करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की तैयारी केवल कांग्रेस के हिस्से में आने वाली सीटों तक सीमित नहीं है।

INDIA गठबंधन के सवाल पर गौतम ने कहा कि कांग्रेस बड़ा और प्रमुख दल होने के नाते अपने सहयोगियों को साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी समझती है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में किसी तरह का घमंड नहीं होना चाहिए और सभी सहयोगी दलों को साथ लेकर आगे बढ़ना जरूरी है।

उन्होंने कांग्रेस को देश की सबसे पुरानी पार्टी बताते हुए कहा कि आजादी के आंदोलन में पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और आधुनिक भारत के निर्माण में भी कांग्रेस का योगदान रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *