बाढ़ के बाद बीमारियों से जूझ रहे देवारा के लोगों का सहारा बना प्रयास, कुड़ही ढाला पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर, करीब 500 मरीजों का हुआ उपचार

Uncategorized

आजमगढ़। महाराजगंज ब्लॉक क्षेत्र के कुड़ही ढाला पर प्रयास सामाजिक संगठन की ओर से निःशुल्क चिकित्सा सेवा शिविर आयोजित किया गया। देवारा क्षेत्र में हर साल बाढ़ के बाद पैदा होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए लगाए गए शिविर में करीब 500 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उपचार और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। जांच के दौरान बड़ी संख्या में मरीज चर्म रोग से पीड़ित पाए गए।

शिविर में डॉ. कामरान फैजी, डॉ. मोइन खान, डॉ. अमर यादव, डॉ. फैजान खान, डॉ. मनोज यादव, डॉ. बृजराज प्रजापति, डॉ. रमेश वैद्य, डॉ. संदीप गुप्ता और डॉ. रामकेश राजभर समेत चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच की। चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुसार आवश्यक उपचार और बचाव के उपाय बताए।

प्रयास सामाजिक संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि ‘सेवा परमो धर्म:’ को मूल मंत्र मानकर संगठन के कार्यकर्ता लगातार जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवारा क्षेत्र में बाढ़ के बाद ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में लोगों को उनके घर के आसपास ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया गया।

उन्होंने कहा कि समाज की सारी जिम्मेदारी केवल सरकार के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती। समाज के प्रत्येक व्यक्ति और संगठन को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। प्रयास की ओर से भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे।

शिविर में बाढ़ पीड़ितों की ओर से राजीव मिश्रा, देवरांचल उत्थान से हरकेश यादव, देवारा विकास सेवा समिति के प्रतिनिधि, प्रयास देवारा इकाई के अरविंद कुमार और हरेंद्र यादव सहित संगठन के कार्यकर्ता एवं केंद्रीय इकाई के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बाढ़ प्रभावित इलाके में घर के आसपास ही निःशुल्क चिकित्सा सुविधा मिलने से ग्रामीणों को काफी राहत मिली। ग्रामीणों ने शिविर को जरूरतमंदों के लिए उपयोगी बताते हुए प्रयास सामाजिक संगठन की इस पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *