
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और धमकी भरे पोस्ट कर दबंगई व गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस का अभियान जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत तहबरपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार इंस्टाग्राम पर गाली-गलौज और धमकी भरे पोस्ट किए जाने की जानकारी मिलने पर प्रियांशु चौरसिया (21) पुत्र राजकुमार चौरसिया, निवासी ग्राम बेलवा बिशुनपुर, थाना तहबरपुर की इंस्टाग्राम आईडी priyanshuu0001 को चिन्हित किया गया। पुलिस ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वह उग्र हो गया और उसकी गतिविधियों से शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से तहबरपुर पुलिस ने प्रियांशु चौरसिया को बुधवार सुबह करीब 11:20 बजे धारा 170/126/135 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने उसका चालान माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग संस्कृति, दबंगई, धमकी अथवा भड़काऊ सामग्री को बढ़ावा देने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सूर्यपाल और कांस्टेबल वंदन सिंह, थाना तहबरपुर शामिल रहे।
