हरईरामपुर में पेड़ से लटका मिला युवक, गांव में मचा हड़कंप

Uncategorized

आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के हरईरामपुर गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के सिवान स्थित एक बगीचे में पेड़ से एक युवक का शव लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी मिलते ही गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पेड़ से शव नीचे उतारे जाने के बाद उसकी पहचान 40 वर्षीय अरमान पुत्र अमीन निवासी हरईरामपुर के रूप में हुई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक पहले सैलून चलाता था।
मृतक की पत्नी सूफियाना ने गंभीरपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके पति मानसिक रूप से बीमार चल रहे थे और उनका दवा-इलाज भी चल रहा था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे अरमान घर से बिना बताए कहीं चले गए। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह ग्रामीणों से बगीचे में पेड़ से शव लटके होने की जानकारी मिली।
सूचना पर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पत्नी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *