आंधी-बारिश में क्रेटा कार पर गिरा विशाल पीपल का पेड़, सवार महिला समेत तीन लोग बाल-बाल बचे, घंटों की मशक्कत के बाद पेड़ काट कर रास्ता किया गया साफ

Uncategorized

आजमगढ़ जनपद में शनिवार सुबह तेज आंधी-बारिश के बीच बड़ा हादसा होने से टल गया। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर श्रीनगर (सियरहां) गांव के पास करीब 10 बजे अचानक एक विशाल पीपल का पेड़ सड़क से गुजर रही क्रेटा कार के ऊपर जा गिरा। पेड़ के नीचे दबने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार तीन लोग बाल-बाल बच गए।
बताया गया कि कार में जयराजपुर निवासी वाहिद खान पुत्र मोहम्मद अजमल, उनकी माता रुखसाना बानो और करीब 10 वर्षीय बच्चा जोहैर खान सवार थे। तीनों बच्चे के ऑपरेशन के लिए जयराजपुर से आजमगढ़ स्थित डॉ. अब्दुल्ला के यहां जा रहे थे। इसी दौरान तेज हवा और बारिश के बीच अचानक सड़क किनारे खड़ा विशाल पीपल का पेड़ उनकी कार के ऊपर जा गिरा।
पेड़ गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना देखकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलने पर बिलरियागंज थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
विशाल पेड़ सड़क पर गिरने से आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सड़क से पेड़ हटवाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी। तब जा कर यातायात दोबारा सुचारु हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *