गैंगेस्टर एक्ट में वांछित 50 लाख की ठगी का आरोपी गिरफ्तार, जमीन दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, फर्जी खतौनी दिखाकर लिए जाते थे रुपये

Uncategorized

आजमगढ़। जमीन दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में गैंगेस्टर एक्ट के तहत वांछित अभियुक्त अभिनव सिंह उर्फ मन्टू को सिधारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर जमीन के नाम पर 50 लाख रुपये की ठगी समेत कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिधारी पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त अभिनव सिंह उर्फ मन्टू पुत्र जयप्रकाश सिंह, निवासी तिवारीपुर, थाना सिधारी, उम्र 41 वर्ष है।
पुलिस के अनुसार अभिनव सिंह उर्फ मन्टू ने अपनी सह-अभियुक्ता ऋतिका सिंह के साथ मिलकर कथित रूप से एक संगठित गिरोह बनाया था। आरोप है कि गिरोह द्वारा जमीन बेचने के नाम पर लोगों को फर्जी खतौनी दिखाकर उनसे रुपये लिए जाते थे। जमीन की रजिस्ट्री नहीं होने पर जब पीड़ित रुपये वापस मांगते थे तो उन्हें कथित रूप से फर्जी चेक दिए जाते थे। साथ ही गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप हैं।
पुलिस के अनुसार थाना सिधारी में दर्ज मुकदमे में एक व्यक्ति से जमीन बेचने के नाम पर 50 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। वहीं थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमे में 25 लाख रुपये और सिधारी थाने में दर्ज एक अन्य मुकदमे में 35 लाख रुपये लिए जाने का प्रकरण प्रकाश में आया है। इन आपराधिक गतिविधियों के आधार पर गैंगचार्ट अनुमोदित होने के बाद सिधारी थाने में 25 सितंबर 2026 को गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि उपनिरीक्षक मृत्युन्जय सिंह टीम के साथ वांछित अभियुक्त की तलाश में जुटे थे। मुखबिर की सूचना पर शनिवार को रात करीब 12:50 बजे भंवरनाथ रोड स्थित बैठौली के पास से अभिनव सिंह उर्फ मन्टू को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ सिधारी थाने में गैंगेस्टर एक्ट समेत धोखाधड़ी, विश्वासघात और आर्म्स एक्ट के तहत कुल पांच मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मृत्युन्जय सिंह, कांस्टेबल रामहरीश यादव और कांस्टेबल हिमांशू शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *