
आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अलहनी गांव में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने एक महिला की जान ले ली। शुक्रवार शाम हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अलहनी गांव निवासी नीरज निषाद और उसकी पत्नी पिंकी (32) के बीच शुक्रवार शाम करीब 7 बजे किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पिंकी अपने तीन बच्चों के साथ कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, इसके बाद नीरज निषाद ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। आरोप है कि उसने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे पिंकी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही कप्तानगंज थाना प्रभारी जयप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मोबाइल फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर ने बताया कि घटना में पति नीरज निषाद भी घायल हुआ है, जिसका उपचार कराया जा रहा है। वहीं मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद चलता रहा था और शुक्रवार को हुए झगड़े के बाद पिंकी की हत्या कर दी गई।
दंपति के तीन बच्चे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। पुलिस टीम को लखनऊ रवाना किया गया है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
