अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर मौत, पेट्रोल पंप के पास हादसा, एक वर्ष की मासूम बच्ची के सिर से उठा पिता का साया

Uncategorized

आजमगढ़। आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार की रात करीब नौ बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

बरदह थाना क्षेत्र के बेला खास गांव निवासी आनंद सिंह (30) पुत्र स्व. अवधू सिंह रविवार को किसी आवश्यक कार्य से आजमगढ़ गए थे। रात करीब नौ बजे वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिंघड़ा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि आनंद सिंह के सिर में गंभीर चोट लग गई और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

दुर्घटना की जानकारी मिलने पर गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

परिजनों के अनुसार आनंद सिंह पानी सप्लाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी अंजली सिंह समेत परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आनंद सिंह अपने पीछे पत्नी और करीब एक वर्ष की मासूम बेटी छोड़ गए हैं। हादसे के बाद मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *