
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र में कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर व्यक्तिगत विवरण में बदलाव कर एक से अधिक पासपोर्ट बनवाने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को मंदे बॉर्डर के पास से गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को पासपोर्ट धारक सलमान अहमद पुत्र मोहम्मद इरफान निवासी सलेमपुर के खिलाफ कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर व्यक्तिगत विवरण में परिवर्तन कर एक से अधिक पासपोर्ट बनवाने के संबंध में प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में बीएनएस की धारा 318(2), 319(2) और पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(1)(बी) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 336(3), 338 और 340(2) की भी बढ़ोतरी की। इसके बाद पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर जहानागंज पुलिस ने सलमान पुत्र मोहम्मद इरफान निवासी सलेमपुर, उम्र करीब 28 वर्ष को मंदे बॉर्डर के पास से सुबह करीब 7:45 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने मामले से संबंधित घटना को स्वीकार किया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अच्छेलाल यादव, हेड कांस्टेबल अमरेश सिंह और आरक्षी विवेक गोंड शामिल रहे।
