
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के सरायमंदराज स्थित रेड रोज होटल में कमरा देने से मना करने पर शराब के नशे में हंगामा करने और होटल संचालक व कर्मचारियों से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
कटघर निवासी होटल संचालक आनंद सोनकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार अक्टूबर की रात करीब नौ बजे अंकित यादव उर्फ जोनी, पिन्टू यादव, मगानू यादव समेत कुछ अन्य लोग होटल पर पहुंचे थे। उन्होंने चखना और कमरा मांगा। अधिक शराब पीने के कारण होटल संचालक ने कमरा देने से मना कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर सभी लोगों ने होटल में हंगामा शुरू कर दिया और संचालक व कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई।
तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर राजघाट, सरायमंदराज के पास से दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिन्टू उर्फ धीरज कुमार यादव निवासी मधनापार, थाना बिलरियागंज और अरबिन्द उर्फ मगानू निवासी चकभारी, थाना सिधारी के रूप में हुई है। दोनों की उम्र क्रमश: करीब 35 और 29 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले में कोतवाली थाने में बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3), 3(5), 125 तथा एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में बदरका चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शशि सिंह, आरक्षी लवकुश मौर्या और आरक्षी दिलीप कुशवाहा शामिल रहे।
